Apr 21 2025 / 4:53 AM

लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी संजय शुक्ला समेत कई नेता भाजपा में हुए शामिल

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव सिर पर हैं और दल-बदल का दौर शुरू हो चुका है। लोकसभा चुनाव से पहले ही कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। मध्य प्रदेश में पूर्व केंद्रीय मंत्री और मध्य प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुरेश पचौरी भाजपा में शामिल हो गए हैं।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेश पचौरी और राजूखेड़ी के अलावा कांग्रेस नेता संजय शुक्ला, विशाल पटेल, अर्जुन पलिया और भोपाल कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष कैलाश मिश्रा जैसे कई नेताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया हैं। सभी कांग्रेस नेताओं ने भोपाल में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की मौजूदगी में एक बैठक में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

संजय और विशाल कांग्रेस के लोकप्रिय नेताओं में से एक हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में दोनों ही नेताओं ने भाजपा नेताओं को हराकर जीत हासिल की थी। कमलनाथ सरकार में दोनों ही नेताओं की खासी लोकप्रियता रही। कांग्रेस विधायक रहते हुए संजय शुक्ला ने इंदौर विधानसभा एक में कई बड़े काम करवाए।

देपालपुर में विशाल पटेल ने भी अपना खास प्रभाव छोड़ा था। कांग्रेस नेता संजय शुक्ला और विशाल पटेल धनवान नेताओं में शामिल हैं। दोनों के पुश्तैनी व्यापार और जमीन जायदाद हैं। संजय शुक्ला भाजपा के वरिष्ठ नेता विष्णु प्रसाद शुक्ला के बेटे हैं और उनका ट्रैवल्स, ट्रांसपोर्ट का मुख्य कारोबार है। विशाल का खेती और जमीनों का मुख्य व्यापार है।

संजय शुक्ला ने भाजपा से जुड़ने के बाद कहा कि भाजपा मेरा परिवार था और मैं अब वापस अपने परिवार में आ गया हूं। मुझे उस वक्त बहुत बुरा लगा जब राम मंदिर का आमंत्रण कांग्रेस ने ठुकराया था। अब मैं बीजेपी में रहकर जनता की सेवा करूंगा।

यह नेता हुए भाजपा में हुए शामिल

सुरेश पचौरी
विशाल पटेल
गजेंद्र सिंह राजू खेड़ी
संजय शुक्ला
अर्जुन पलिया
आलोक चंसोरिया
कैलाश मिश्रा
योगेश शर्मा
अतुल शर्मा
सुभाष यादव
दिनेश ढिमोले
सुभाष यादव ब्लॉक अध्यक्ष

Share With

मध्यप्रदेश