Ind Vs Nz: भारत ने न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हराया

ऑकलैंड। भारत ने पांच टी-20 के पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हरा दिया। शुक्रवार को ऑकलैंड में खेले गए मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 203 रन बनाए। जबाव में भारतीय टीम ने 19 ओवर में 4 विकेट पर 204 रन बना लिए।
टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल किया। इससे पहले पिछले साल इसी मैदान पर 159 रन के लक्ष्य को हासिल कर लिया था। टीम इंडिया कुल मिलाकर छठी बार 200+ रन का लक्ष्य हासिल किया। भारत के लिए श्रेयस अय्यर ने सबसे ज्यादा नाबाद 58 रन बनाए।
लोकेश राहुल 56 और विराट कोहली ने 45 रन की पारी खेली। राहुल और कोहली ने दूसरे विकेट के लिए 99 रन की साझेदारी की। ओपनर रोहित शर्मा 7 रन बनाकर आउट हो गए। शिव दुबे ने 13 रन की पारी खेली। न्यूजीलैंड के लिए ईश सोढ़ी ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए।
न्यूजीलैंड के लिए कॉलिन मुनरो ने 59, रॉस टेलर ने नाबाद 54 और केन विलियम्सन ने 51 रन की पारी खेली। टेलर ने 6 साल बाद टी-20 में अर्धशतक लगाया। उन्होंने पिछला अर्धशतक दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2014 में लगाया था। तब 62 रन की पारी खेली।
टेलर ने विलियम्सन के साथ चौथे विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी की। विलियम्सन ने 26 गेंद की पारी में चार चौके और चार छक्के लगाए। वहीं, टेलर ने 27 गेंद की पारी में तीन चौके और तीन छक्के लगाए। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल, शिवम दुबे और शार्दुल ठाकुर ने एक-एक विकेट लिए।