यूरोपीय संघ से अलग हुआ ब्रिटेन

लंदन। ब्रिटेन कल आधी रात से औपचारिक रूप से यूरोपीय संघ से अलग हो गया है। इस अवसर पर लंदन में ब्रेग्जिट समर्थकों ने पार्लियामेंट स्क्वायर पर जश्न मनाया। ब्रिटेन 47 साल बाद स्थानीय समय के अनुसार शुक्रवार यानि 31 जनवरी रात 11 बजे और भारतीय समय के अनुसार शनिवार तड़के साढ़े चार बजे यूरोपीय संघ से अलग हो गया।
ब्रिटेन का यूरोपीय संघ से अलग होने की प्रक्रिया वर्ष 2016 में शुरू हुई थी। वर्ष 2016 में हुए जनमत सर्वेक्षण में 51.89 प्रतिशत लोगों ने ब्रिटेन के यूरोपीय संघ से अलग होने के पक्ष में मतदान किया था। ब्रिक्जिट के मुद्दे पर ब्रिटेन के दो प्रधानमंत्रि डेविड कैमरन तथा थेरेसा मे को इस्तीफा देना पड़ा था। आखिरकार मौजूदा समय में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन संसद में ब्रेक्जिट प्रस्ताव को पास कराने में सफल हुए।
उल्लेखनीय है कि लगभग पांच दशकों तक यूरोपीय संघ के साथ रहने के बावजूद ब्रिटेन ने कभी यूरो को नहीं अपनाया या वीजा-मुक्त यात्रा को लेकर हुए शेंगेन समझौते का हिस्सा नहीं रहा था। ब्रिटेन ने अब परिवर्तन अवधि यानि यूरोपीय संघ के साथ अपने भविष्य के संबंधों के विवरण पर सहमत होने के लिए निर्धारित 11 महीने का समय में प्रवेश कर लिया है।