कोरोना वायरस की सबसे पहले चेतावनी देने वाले डॉक्टर की मौत

वुहान। चीन में जानलेवा कोरोना वायरस की सबसे पहले चेतावनी देने वाले डॉक्टर ली वेनलियांग की इस वायरस की चपेट में आने से मौत हो गई। डॉक्टर वेनलियांग ने कोरोना वायरस को लेकर सबसे पहले चेतावनी दी थी तब सोशल मीडिया के जरिये अफवाह फैलाने के आरोप में उनके खिलाफ पुलिस ने नोटिस जारी किया गया। डॉक्टर वेनलियांग ने दिसंबर के अंत में वायरस को लेकर लोगों को सतर्क किया था।
चीन की आधिकारिक मीडिया ने डॉक्टर वेनलियांग (34) की सुबह कोरोना वायरस के संक्रमण से मौत की पुष्टिकी है। इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोग इसे लेकर क्रोध व्यक्त कर रहे हैं कि कोरोना वायरस के खिलाफ चेताने पर डॉक्टर के साथ अच्छा व्यवहार नहीं हुआ और प्रशासन ने इस संबंध में कोई कदम भी नहीं उठाया।
डॉक्टर की मौत की सूचना मिलने के बाद उनके एक सहयोगी ने वेइबो पर लिखा, वह एक हीरो हैं जिन्होंने अपने जीवन की परवाह किये बिना दूसरों को सतर्क किया। डॉक्टर वेनलियांग ने पिछले साल 30 दिसंबर को एक चैट ग्रुप में अपने साथी डॉक्टरों को संदेश भेजकर इस कोरोना वायरस के खतरे के बारे में बताया था।
डॉक्टर वेनलियांग ने अपने साथी डॉक्टरों को चेतावनी दी थी कि वे इस वायरस से बचने के लिए खास तरह के कपड़े पहनें। कोरोना वायरस की चपेट में आने के बाद डॉक्टर वेनलियांग को 12 जनवरी को अस्पताल में भर्ती किया गया गया था। उन्हें एक मरीज के संपर्क में आने के बाद इस वायरस का संक्रमण हुआ था।