Apr 20 2025 / 3:35 PM

दिल्ली विधानसभा चुनाव की 70 सीटों के लिए मतदान शुरू

नई दिल्ली। दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। मतदान शनिवार सुबह 8 बजे से शुरू हुआ। आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस चुनावी मैदान में शीर्ष तीन दावेदार हैं। चुनाव के नतीजे 11 फरवरी को घोषित किए जाएंगे। कुल 70 सीटों के लिए 672 प्रत्याशी मैदान में हैं। दिल्ली में करीब 1.47 करोड़ मतदाता, इनमें करीब 66 लाख महिलाएं हैं।

पिछला विधानसभा चुनाव 2015 में हुआ था। आम आदमी पार्टी (आप) ने 70 में से 67 सीटें जीती थीं। भाजपा ने तीन सीटें जीती थीं। 15 साल दिल्ली की सत्ता पर काबिज रहने वाली कांग्रेस का खाता तक नहीं खुल सका था। इस बार भी मुख्य मुकाबला भाजपा और आप के बीच ही नजर आ रहा है। हालांकि, कांग्रेस का दावा है कि दिल्ली के नतीजे हैरान करने वाले होंगे।

दिल्ली के शाहीन बाग में मतदाताओं की लंबी कतार देखने को मिल रही है। शाहीन पब्लिक स्कूल ओखला में बड़ी संख्या में वोटर दिख रहे हैं। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने तुगलक क्रेसेंट के एनडीएमसी स्कूल ऑफ साइंस एंड ह्युमैनिटीज एजुकेशन स्थित पोलिंग बूथ पर मतदान किया। उन्होंने कहा कि मतदान हर नागरिक का मूल अधिकार है। इसमें अपना योगदान देना आवश्यक है।

दिल्ली की करीब 1800 अनाधिकृत कालोनियों में 30 लाख से ज्यादा वोटर का आकलन राजनीतिक दलों का है। ये कॉलोनियां करीब 40 विधानसभा सीटों में हैं। दलों का ये भी दावा है कि 30 से ज्यादा विधासभा सीटें ऐसी हैं, जहां इन्हीं कॉलोनियों के मतदाता हार-जीत तय करते हैं। यही वजह है कि अनाधिकृत कॉलोनियों के बारे में आप और भाजपा ने अहम घोषणाएं की हैं।

Share With

मध्यप्रदेश