सभी एग्जिट पोल विफल साबित होंगे भाजपा 48 सीटें जीतेगी: मनोज तिवारी

नई दिल्ली। बीजेपी के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के सम्पन्न होने के बाद आये एग्जिट पोल को ख़ारिज करते हुए दावा किया कि सभी एग्जिट पोल विफल साबित होंगे और दिल्ली विधानसभा चुनावों में भाजपा 48 सीटें जीतेगी। मनोज तिवारी ने ट्वीट कर कहा, सभी एग्जिट पोल फेल होंगे। बीजेपी 48 सीटों के साथ दिल्ली में सरकार बनाएगी। विपक्ष ईवीएम को दोष देने के लिए बहाना खोज लें।
गौरतलब है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के ज्यादातर एग्जिट पोल में आम आदमी पार्टी (आप) सत्ता में वापसी करती दिखाई दे रही है जबकि भारतीय जनता पार्टी को दूसरे नम्बर पर और कांग्रेस को अधिकतम चार सीट मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है। दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए शाम छह बजे मतदान समाप्त होने के बाद विभिन्न चैनलों और संस्थाओं के एग्जिट पोल में आप की सत्ता में वापसी की बात कही गयी है।