Apr 19 2025 / 5:51 PM

16 फरवरी को रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे अरविंद केजरीवाल

नई दिल्ली। अरविंद केजरीवाल 16 फरवरी को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इसी के साथ अरविंद केजरीवाल लगातार तीसरी बार दिल्ली के सीएम बनेंगे। शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन रामलीला मैदान में किया जाएगा। वर्ष 2015 में भी अरविंद केजरीवाल ने रामलीला मैदान में ही सीएम पद की शपथ ली थी।

इससे पहले आज सुबह अरविंद केजरीवाल दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल से मिलने पहुंचे। माना जा रहा है कि वह दिल्ली के LG से मिलकर सरकार गठन का दावा पेश करेंगे, साथ ही शपथ ग्रहण की तारीख की जानकारी देंगे। उसके बाद विधायकों के साथ एक बैठक करेंगे।

सूत्रों ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक भी बुलाई है। आप के वरिष्ठ नेता गोपाल राय ने यह जानकारी दी। गोपाल राय ने बताया कि बैठक सुबह 11 बजकर 30 मिनट पर शुरू होनी तय है और विधायक आप के विधायक दल का नेता चुनेंगे। दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों में आम आदमी पार्टी ने 62 जबकि भाजपा ने महज 8 सीटें जीती हैं। वहीं कांग्रेस पार्टी के खाते में एक भी सीट नहीं आई है।

Share With

मध्यप्रदेश