शेयर बाजार में बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 2919 अंक टूटकर बंद

नई दिल्ली। कोरोना वायरस को ग्लोबल स्तर पर माहामारी घोषित कर दिया गया है। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच ग्लोबल इकोनॉमी को लेकर अनिश्चितता बन गई है। इसके चलते घरेलू शेयर बाजार सहित दुनियाभर के बाजारों में हाहाकार देखने को मिल रहा है। गुरूवार के कारोबार में सेंसेक्स में अबतक की सबसे बड़ी गिरावट रही है। सेंसेक्स आज 2919 अंक टूटकर 32778 के स्तर पर बंद हुआ। यह सेंसेक्स के लिए 2 साल का लो है। इसमें जनवरी के रिकॉर्ड हाई से 22 फीसदी गिरावट आ चुकी है।
वहीं, निफ्टी भी 825 अंकों से ज्यादा कमजोर होकर 9650 के नीचे 9633 के स्तर पर बंद हुआ। सितंबर 2017 के बाद पहली बार निफ्टी 9700 के नीचे आया है। यह निफ्टी में करीब 36 महीनों की सबसे बड़ी गिरावट है। मिडकैप इंडेक्स 39 महीने के निचले स्तर पर आ गए हैं। आज के कारोबार में रिलायंस इंडस्ट्रीज, एसबीआई, एक्सिस बैंक और ओएनजीसी के शेयरों में 11 फीसदी तक कमजोरी देखने को मिल रही है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कोरोना वायरस को आधिकारिक तौर पर वैश्विक महामारी घोषित कर दिया है। दुनिया भर में कई देशों ने लोगों के यात्रा करने पर बैन लगा दिया है। इस वजह से दुनिया भर के वित्तीय और कमोडिटी बाजार में हलचल देखने को मिल रही है। भारत में शेयर बाजार में आज बड़ी गिरावट रही, जिससे शुरू के ही 5 मिनट में निवेशकों के 6.5 करोड़ रुपये डूब गए हैं।
आज के कारोबार में रुपया भी 62 पैसे कमजोर होकर 74.25 के स्तर पर है। बाजार में चौतरफा बिकवाली है। निफ्टी बैंक 8 फीसदी से ज्यादा कमजोर होकर 24,171.25 के स्तर पर बंद हुआ जो इंडेक्स के लिए 2 साल का लो है। मेटल इंडेक्स में करीब 8.5 फीसदी गिरावट रही है तो पीएसयू बैंक इंडेक्स 12.5 फीसदी टूटा है। प्राइवेट बैंक इंडेक्स में 8.35 फीसदी गिरावट रही है।
आटो और रियल्टी इंडेक्स भी 8 फीसदी और 9 फीसदी से ज्यादा टूटे हैं। आईटी इंडेक्स में 4.5 फीसदी गिरावट है। सेंसेक्स 30 के सभी शेयर लाल निशान में हैं। ग्लोबल संकेतों की बात करें तो कल डाउ जोंस में 1400 अंकों से ज्यादा गिरावट रही। जबकि आज एशियाई बाजारों में भी दबाव रहा है।