Apr 20 2025 / 4:17 PM

बागी विधायकों से मिलने बेंगलुरु पहुंचे दिग्विजय सिंह, मिलने से रोका तो बैठे धरने पर

बेंगलुरु। मध्य प्रदेश की सियासत का पारा लगातार बढ़ता ही जा रहा है। बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में इस मामले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है, लेकिन इससे पहले कर्नाटक के बेंगलुरु में हंगामा हुआ। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह बुधवार सुबह पार्टी के 16 बागी विधायकों से मिलने बेंगलुरु पहुंचे, लेकिन उन्हें यहां पुलिस ने रोक लिया। जिसके बाद दिग्विजय सिंह, डीके शिवकुमार समेत अन्य कांग्रेस नेता वहां पर ही धरने पर बैठ गए। बाद में दिग्विजय को हिरासत में भी ले लिया गया।

दिग्विजय सिंह ने कहा, पुलिस हमें विधायकों से मिलने नहीं दे रही है। मैं मध्य प्रदेश का राज्यसभा उम्मीदवार हूं। 26 तारीख को राज्यसभा चुनाव के लिए विधानसभा में वोटिंग होनी है। हमारे विधायकों को यहां होटल में बंधक बनाकर रखा गया है। वे हमसे बात करना चाहते हैं, लेकिन उनके मोबाइल छीन लिए गए। विधायकों की जान को खतरा है। मेरे पास हाथ में ना बम है, ना पिस्तौल है और ना हथियार है। फिर भी पुलिस मुझे क्यों रोक रही है।

दिग्विजय के अलावा कांतिलाल भूरिया, विधायक आरिफ मसूद और कुणाल चौधरी भी बेंगलुरु गए हैं। यहां पहुंचने पर कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार उन्हें लेने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री कमलनाथ भी राज्यपाल को पत्र लिखकर बेंगलुरु से 22 विधायकों को वापस लाने की मांग कर चुके हैं।

कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा ने उनके विधायकों कोे बंधक बना रखा है। उनके लौटने तक फ्लोर टेस्ट नहीं कराया जा सकता है। इससे पहले जीतू पटवारी समेत कमलनाथ सरकार के 4 मंत्री बागी विधायकों से मिलने की कोशिश कर चुके हैं। तब पुलिस ने पटवारी समेत अन्य मंत्रियों को रिसॉर्ट के बाहर ही रोक दिया था। इस पर उनकी पुलिस से झड़प भी हुई थी, जिसके बाद सभी मंत्रियों को हिरासत में ले लिया गया था।

Share With

मध्यप्रदेश