Apr 12 2025 / 12:08 PM

कर्नाटक में डीके शिवकुमार, दिल्ली में अनिल चौधरी बनाए गए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष

नई दिल्ली। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने डीके शिवकुमार को कर्नाटक कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया है। अनिल चौधरी दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष बनाए गए हैं। डीके शिवकुमार विधायक हैं और पूर्व में कर्नाटक सरकार में मंत्री रह चुके हैं।

वहीं अनिल चौधरी दिल्ली से पूर्व विधायक हैं। बुधवार को कांग्रेस में ये नई नियुक्तियां हुई हैं। कर्नाटक में ईश्वर खंडरे, सतीश जरकिहोली और सलीम अहमद को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है।

कर्नाटक में बीते साल दिसंबर में कांग्रेस की हार के बाद इसकी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए दिनेश गुंडू राव ने पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। जिसमें कांग्रेस केवल दो सीटों पर ही जीत दर्ज कर सकी थी। इसके बाद राव ने पद छोड़ दिया था। करीब तीन महीने से कई नाम कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चल रहे थे।

नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर सिद्धारमैया और दूसरे नेताओं की दिल्ली में सीनियर नेताओं से हाल ही में मुलाकात भी हुई थी। जिसके बाद शिवकुमार का नाम तय किया गया। शिवकुमार को कर्नाटक में कांग्रेस का बड़ा चेहरा माना जाता है।

जेडीएस के साथ कांग्रेस की सरकार के समय वही संकटमोचक के तौर पर सबसे आगे दिखे थे। दिल्ली में फरवरी में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस कोई सीट नहीं जीत सकी थी। दिल्ली चुनाव में कांग्रेस के शून्य पर सिमटने के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे दिया था।

आलाकमान ने उनके इस्तीफे को स्वीकार भी कर लिया था। इसके बाद से इस पद के लिए नेता की तलाश कांग्रेस आलाकमान को थी। पूर्व विधायक अनिल चौधरी को अब दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष बनाया गया है।

Share With

मध्यप्रदेश