Apr 19 2025 / 3:16 AM

गार्गी कॉलेज मामला: पुलिस ने छेड़छाड़ करने वाले 10 आरोपियों को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के गार्गी कॉलेज में छात्राओं के साथ छेड़खानी के मामले में 10 बाहरी छात्रों को गिरफ्तार किया गया है। साउथ दिल्ली के डीसीपी अतुल ठाकुर ने यह जानकारी दी है। आपको बता दें कि 6 फरवरी को दिल्ली यूनिवर्सिटी के गार्गी कॉलेज में ऐनुअल फेस्ट के दौरान बाहरी छात्रों ने घुसकर छात्राओं के साथ छेड़खानी की थी। इसके बाद छात्राओं ने 9 फरवरी (सोमवार) को अपना विरोध दर्ज कराते हुए प्रदर्शन किया था और हौजखास थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

डीसीपी ने बताया 11 टीमें इस मामले की जांच कर रही हैं। हम विभिन्न तकनीकी विवरणों की जांच कर रहे हैं। एनसीआर के विभिन्न क्षेत्रों में संदेहास्पद लोगों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। प्रिंसिपल ने बताया कि, पुलिस में मामला दर्ज करा दिया गया है। सीसीटीवी कैमरे भी दिल्ली पुलिस ने सीज कर दिए हैं। जांच चल रही है। जबकि बुधवार सुबह करीब 11 बजे कॉलेज के हालात कुछ और ही थे। छात्राएं घटना के विरोध में नारेबाजी कर रहीं थी।

दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) ने बीते सप्ताह गार्गी कॉलेज में सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान छात्राओं से साथ हुई कथित छेड़छाड़ को लेकर सभी प्राचार्यों को परामर्श जारी कर छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है। विश्वविद्यालय ने 10 फरवरी को जारी परामर्श में कॉलेजों को दो सप्ताह के भीतर छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिये उठाए गए कदमों की जानकारी देने के लिये भी कहा है।

डीयू ने गार्गी कॉलेज में हुई घटना की निंदा करते हुए पुलिस से इस घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का अनुरोध किया है। परामर्श में कहा गया है कि डीयू ने कॉलेज की प्राचार्य से इस मामले में की गई कार्रवाई पर रिपोर्ट भी मांगी है।

Share With

मध्यप्रदेश