Apr 21 2025 / 12:37 AM

सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट

नई दिल्ली। विदेशों में पीली धातु में रही गिरावट के बीच दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना आज 480 रुपये लुढ़ककर करीब एक सप्ताह के निचले स्तर 41,890 रुपये प्रति दस ग्राम पर आ गया। चाँदी में लगातार दूसरे दिन गिरावट रही। यह 200 रुपये की गिरावट में 47,400 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गयी। यह सोने-चाँदी का 29 जनवरी के बाद का निचला स्तर है। लंदन एवं न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, सोना हाजिर आज 9.70 डॉलर टूटकर 1,568.95 डॉलर प्रति औंस पर आ गया।

अप्रैल का अमेरिकी सोना वायदा भी 10.10 डॉलर की गिरावट में 1,572.30 डॉलर प्रति औंस बोला गया। बाजार विश्लेषकों ने बताया कि दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर में तेजी रहने से सोने पर दबाव रहा। डॉलर की मजबूती से दुनिया की अन्य मुद्राओं वाले देशों के लिए सोना महँगा हो गया। इससे माँग कम रही और सोने के भाव टूट गये। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में सोने के विपरीत चाँदी हाजिर 0.05 डॉलर चमककर 17.72 डॉलर प्रति औंस पर पहुँच गयी।

Share With

मध्यप्रदेश