Apr 12 2025 / 12:15 PM

CAA के खिलाफ प्रदर्शन: शाहीन बाग के बाद जाफराबाद और चांदबाग में सड़क पर उतरीं महिलाएं

नई दिल्ली। शाहीन बाग में एक तरफ का रोड खुले अभी एक दिन भी नहीं बीता कि अब नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में भी शाहीन बाग जैसे प्रदर्शन शुरू हो चुके हैं। अब नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ जाफराबाद मेट्रो स्टेशन और चांदबाग में भी महिलाओं ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। जाफराबाद मेट्रो स्टेशन पर महिलाओं ने शनिवार देर रात से ही धरना शुरू कर दिया था।

जबकि चांदबाग में रविवार दोपहर के बाद से प्रदर्शन शुरू हुआ। दोनों ही जगह महिलाओं ने सीएए हटने तक प्रदर्शन जारी रखने का एलान किया है। महिलाओं के प्रदर्शन के चलते दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने जाफराबाद स्टेशन पर मेट्रो ट्रेनों के ठहराव पर रोक लगा दी है। मेट्रो स्टेशन के अंदर जाने और बाहर आने वाले दोनों गेट को भी बंद कर दिया गया है।

महिलाओं के प्रदर्शन के चलते सलीमपुर को यमुना विहार और मौजपुर से जोड़ने वाली सड़कें भी बंद हो गई हैं। सुरक्षा के मद्देनजर दोनों ही जगहों पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रदर्शनकारी महिलाएं हाथों में तिरंगा लेकर आजादी के नारे लगा रही हैं।

महिलाओं का कहना है कि जब तक केंद्र सरकार नागरिकता संशोधन कानून वापस नहीं लेती तब तक वे प्रदर्शन जारी रखेंगी। खुद को सामाजिक कार्यकर्ता बताने वाले फहीम बेग ने बताया सरकार इस मुद्दे को लेकर काफी लापरवाही बरत रही है। इससे लोगों का गुस्सा और भी बढ़ता जा रहा है।

बता दें कि नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में सीएए, एनआरसी के खिलाफ प्रदर्शन तो पहले से जारी थे, लेकिन अब महिलाएं सड़क पर हैं। फिलहाल दो जगहों पर महिलाएं सड़क पर हैं। इसमें जाफराबाद और चांदबाग शामिल हैं। दोनों जगहों पर करीब 700 महिलाएं प्रदर्शन का हिस्सा हैं। जाफराबाद और चांदबाग दोनों इलाकों के आसपास की मार्केट फिलहाल बंद करवा दी गई हैं। दोनों जगहों पर भीड़ अब बढ़ रही है। चांदबाग में तो महिलाओं ने सड़क पर ही बर्तन रखकर चाय बनानी शुरू की।

Share With

मध्यप्रदेश