साध्वी प्रज्ञा को रक्षा मंत्रालय में मिली बड़ी जिम्मेदारी

नई दिल्ली। भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को रक्षा मंत्रालय की कमेटी में बड़ी जिम्मेदारी मिली है। साध्वी प्रज्ञा को रक्षा मंत्रालय की कमेटी का सदस्य बनाया गया है, इस कमेटी की अगुवाई रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कर रहे हैं। डिफेंस मामलों की इस कमेटी में कुल 21 सदस्य हैं, इनमें साध्वी प्रज्ञा का भी नाम है। कमेटी में चेयरमैन राजनाथ सिंह के अलावा फारुक अब्दुल्ला, ए राजा, सुप्रिया सुले, मीनाक्षी लेखी, राकेश सिंह, शरद पवार, जेपी नड्डा आदि सदस्य शामिल हैं।
प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के दिग्गज नेता और दो बार के मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को करारी मात दी थी। बता दें कि प्रज्ञा ठाकुर गैरकानूनी गतिविधियों के लिए में अंडर ट्रायल हैं। बॉम्बे हाई कोर्ट ने मालेगांव ब्लास्ट मामले में मौजूदा सांसद को अप्रैल 2017 में खराब स्वास्थ्य के आधार पर जमानत मंजूर की थी। प्रज्ञा सिंह ठाकुर हमेशा से ही विवादों में घिरी रही हैं। चुनाव जीतने के बाद उनके शपथ लेने के समय भी विवाद हो गया था। उन्होंने अपना नाम साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर पूर्णचेतनानंद अवधेशानंद गिरी बोला था।