Apr 21 2025 / 5:32 AM

Samsung ने लॉन्च किया फोल्डेबल स्मार्टफोन Galaxy Z Flip

नई दिल्ली। Samsung ने अपना नया फोल्डेबल स्मार्टफोन Galaxy Z Flip लॉन्च कर दिया है। फोन को सैन फ्रैंसिस्को में हुए गैलेक्सी अनपैक्ड इवेंट में लॉन्च किया गया। सैमसंग का नया फोल्डेबल फोन पिछले गैलेक्सी फोल्ड से काफी अलग है। Galaxy Z Flip क्लैमशेल डिजाइन के साथ आता है। क्लैमशेल डिजाइन को इससे पहले मोटोरोला के फोल्डेबल स्मार्टफोन Moto Razr 2019 में देखा जा चुका है। Galaxy Z Flip सैमसंग के खास अल्ट्रा-थिन ग्लास के साथ आता है जो इसकी स्क्रीन को प्रटेक्ट करता है।

फोन में 425 ppi और 21.9:9 के आस्पेक्ट रेशियो के साथ 6.7 इंच का फुल एचडी+ डाइनैमिक AMOLED इनफिनिटी फ्लेक्स डिस्प्ले दिया गया है। फोन में दिया गया छोटा सेकंडरी कवर डिस्प्ले 1.06 इंच का है। फोन का मेन डिस्प्ले पंच-होल डिजाइन के साथ आता है। इसमें आपको 10 मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा मिलेगा। बाहर की तरफ फोन में 12 मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड सेंसर और 12 मेगापिक्सल का वाइड-ऐंगल प्राइमरी कैमरा दिया गया है। यह कैमरा OIS सपॉर्ट और 8X डिजिटल जूम से लैस है।

फोन की सबसे खास बात है कि यह विडियो शूट या फोटो क्लिक करने के लिए 90 डिग्री तक मुड़ जाता है। ऐंड्रॉयड 10 ऑपरेटिंग सिस्टम पर बेस्ड OneUI के साथ आने वाले इस फोन में स्नैपड्रैगन 855+ प्रोसेसर दिया गया है। 8जीबी रैम ऑप्शन में पेश किया गया यह फोन 3,300mAh की बैटरी से लैस है।

फोल्ड होने पर यह फोन 87.4×73.6×17.33mm और अनफोल्ड होने पर 167.3×73.6×7.2mm का हो जाता है। फोन खास बिल्ट-इन फ्लेक्स मोड UI से भी लैस है जिसे कंपनी ने गूगल के साथ मिलकर तैयार किया है। फोन में इसे ‘Hideaway Hinge’ के जरिए इनेबल किया जा सकता है। इसकी मदद से यूजर फोन को अलग-अलग ऐंगल पर खोल सकते हैं। कंपनी का दावा है कि फोन 2 लाख बार आराम से खोला और बंद किया जा सकता है।

कीमत की बात करें तो कंपनी का नया फोल्डेबल फोन यानी कि Galaxy Z Flip पिछले फोल्डेबल फोन से थोड़ा सस्ता है। सैमसंग ने इसे 1,380 डॉलर (करीब 98,400 रुपये) की कीमत के साथ लॉन्च किया है। फोन की बिक्री चुनिंदा मार्केट में 14 फरवरी से उपलब्ध हो जाएगा। भारत में इस फोन को कब से खरीदा जा सकेगा इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है।

Share With

मध्यप्रदेश